घंटों कंप्यूटर पर काम करने से आंखे कमजोर हो जाती है और चश्मा लग जाता है। लगातार चश्मा लगाने से नाक के ऊपर दबाव बना रहता है जिससे धीरे धीरे निशान पड़ने लगते हैं। यह निशान चश्मा लगाने पर तो दिखाई नहीं देते लेकिन जब इसे उतार दिया जाता है तो चेहरा काफी भद्दा लगने लगता है। ऐसे में चश्मा लगाना तो बंद नहीं हो सकता लेकिन कुछ घरेलू उपाय करके नाक पर पड़ने वाले निशानों से छुटकारा जरूर पा सकते हैं।

1. खीरा
चेहरे के दाग धब्बों को दूर करने के लिए खीरा काफी फायदेमंद होता है। नाक के निशान हटाने के लिए भी खीरे का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए रोजाना खीरे के स्लाइस को नाक की प्रभावित जगह पर रगड़ें जिससे बहुत जल्दी निशान साफ हो जाएंगे। इसके अलावा खीरे और टमाटर के रस को मिलाकर भी नाक पर लगा सकते हैं।

2. नींबू का रस
इसमें मौजूद विटामिन सी त्वचा के दागों को साफ करता है। ऐसे में नाक के निशान हटाने के लिए नींबू का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए नींबू के रस में थोड़ी सी कॉटन को भिगो कर नाक पर लगाएं और सूखने के बाद पानी से साफ करें। रोजाना इसका इस्तेमाल करने से बहुत जल्दी निशानों से छुटकारा मिलेगा।

3. शहद
इसके लिए दूध, शहद और जौ के आटे का मिश्रण तैयार करें। इसे नाक पर लगाएं और कुछ देर बाद धो लें। कुछ दिन लगातार इस मिश्रण का इस्तेमाल करने से नाक के निशान साफ होंगे और डेड स्किन भी निकल जाएगी।

4. सेब का रस
सेब का रस निकाल कर उसमें बराबर मात्रा में पानी मिलाएं और इससे नाक की मसाज करें। इससे बहुत जल्दी निशान हट जाएंगे और ब्लैक हैड्स की समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।
5. बादाम का तेल
रोजाना नाक पर बादाम के तेल की मालिश करने से भी दाग दूर होते हैं। इसके अलावा कई लोगों को चश्मे की वजह से नाक पर काले धब्बे भी पड़ जाते हैं जो इस तेल से साफ हो जाएंगे।
6. गुलाब जल
गुलाब जल से त्वचा की कई समस्याएं दूर होती है। ऐसे में नाक पर पड़े इन निशानों को हटाने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए कॉटन की मदद से गुलाब जल को नाक पर लगाएं।